भाजपा के स्थापना दिवस पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
पटना, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। इसी के तहत बिहार भाजपा कार्यालय में भी पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। स्थापना दिवस पार्टी कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को स्मरण करते हुए उनके संस्मरणों को याद किया गया।
पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी का झंडा फहराया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आरएसएस के चिंतक और संगठनकर्ता तथा एकात्मक मानववाद विचारधारा के प्रणेता दीनदयाल उपाध्याय और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्थापना दिवस के मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, कार्यक्रम संयोजक और प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा, पटना महानगर के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, महामंत्री राकेश कुमार, उपाध्यक्ष अमृता भूषण, पवन जायसवाल ने भी मनीषियों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
स्थापना दिवस के मौके पर 47 किलो मिठाईयां भी बांटी गईं और 47 दीप प्रज्वलित किये गए। स्थापना दिवस को लेकर कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय में जमकर आतिशबाजी की।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामना और बधाई देते हुए कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में असंख्यक कार्यकर्ताओं का खून पसीना तो लगा ही है कई कार्यकर्ताओं ने बलिदान भी दिया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को याद किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्थापना दिवस पर किये गये संबोधन को उद्धृत करते हुए कहा, उन्होंने कहा था कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के साथ काम कर रही है। हमारे हमारा समर्पण है मां भारती को, हमारा समर्पण है देश के कोटि-कोटि जनों को, हमारा समर्पण है देश के संविधान को। आज भाजपा विकास का पर्याय है, विश्वास का पर्याय है, नए विचार का पर्याय है और देश की विजय का पर्याय है।
उन्होंने कहा था कि भाजपा की कार्यशैली को लेकर बताया था कि भाजपा की कार्यशैली सर्वसमावेशी है, सर्वस्पर्शी है, सर्वजन का हित करने वाली है। भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं, एक विचार है जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण है, जन कल्याण है। भाजपा मतलब समाज सेवा, भाजपा मतलब समाज का सशक्तिकरण, भाजपा मतलब नए भारत का निर्माण।
भाजपा अध्यक्ष सरावगी ने उपस्थित लोगों से पीएम मोदी के इन विचारों को ध्यान और आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी , पंडित दिन दयाल उपाध्याय जैसे मनीषियों को याद करते हुए है कि उनके मंत्रों को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं, जिन्होंने राष्ट्र प्रथम के मंत्र को लेकर जीवन को जीया है। जिन लोगों ने संगठन को खून पसीने से सींचा आज वह अमृतवर्ष बनकर करोड़ों लोगों को छाया दे रहा है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि आज बिहार बदल रहा है। बिहार के लोगों के लिए जो मन मे बात थी वह भी जल्द पूरा होगा।
उन्होने बिहार के नितिन नवीन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर कहा कि यह भाजपा में ही संभव है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। विकसित भारत हमारा सपना है। आने वाले दिनों में दुनिया को रास्ता दिखाने वाले भारत को विकसित बनाने के लिए भाजपा अग्रसर रहेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर पार्टी का झंडा लहराना चाहिए और मतदाता तक विकास की गाथा पहुंचे इसका भी संकल्प हमे लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार भाजपा प्रधानमंत्री के आह्वान पर गैर राजनीतिक परिवार के लोगों को खास कर ऐसे परिवार के युवाओं को जोड़ने के अभियान में जुड़ेंगे। उन्होंने इसके लिए लोगों को भाजपा से जुड़ने का भी आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि हम तब तक थकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं जब तक पीएम मोदी के 2047 तक भारत को विकसित बनाने का सपना पूरा नहीं हो जाता।
आज हमें संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का दिन है।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस पर बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि आज 47 वां साल हुआ है लेकिन यह कामना है कि पार्टी अगले 4700 वर्ष तक जिंदा रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस चीज पर कमिटमेंट कर दिया उससे पीछे नहीं हटती। उन्होंने इसके कई उदाहरण भी गिनाए। उन्होंने स्पष्ट रुप से कहा कि बिहार हो या देश के स्तर पर हो भाजपा अपने कमिटमेंट के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने अंत्योदय की चर्चा करते हुए कहा कि आज पीएम मोदी इसे आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हो रहा है। भाजपा की एक नीति और सिद्धांत है, जो इसके संगठन की संरचना में दिखता भी है।
स्थापना दिवस पर पुराने वरिष्ठ प्रमुख लोगों को सम्मानित भी किया गया। जिन प्रमुख लोगों को सम्मानित किया गया उनमें विजय गुप्ता, प्रकाश शर्मा,कृष्णा मोहन, प्रमोद सिंह, अर्जुन गुप्ता, अमरेंद्र बाजी, किरण शंकर, दिनेश पटेल, विश्वनाथ मुखिया, वीर बहादुर सिंह, चंद्रवेशी मुखिया, शिव प्रसाद सिंह, कपिलदेव प्रसाद, सीताराम राय, विश्वनाथ सिंह,श्याम नंदन प्रमुख थे।
आज स्थापना दिवस के मौके पर गैर राजनीतिक परिवार से बड़ी संख्या में आये लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने सभी लोगों को सदस्यता ग्रहण कराई और पार्टी में स्वागत किया। सदस्यता ग्रहण करने वालों में सुमित टेकरीवाल, राहुल आनन्द, अंकित हिसारिया, हिमांशु नथनी, विक्रांत विशाल, सूर्यमणि, आलोकमणि, चंद्र प्रकाश, समीर सोलंकी, विक्की कुमार , आशीष कुमार, अजय कुमार प्रमुख प्रमुख रूप से शामिल थे।
इस स्थापना दिवस समारोह में मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सत्यपाल नरोत्तम ने किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरावगी अपने सरकारी आवास पर भी पार्टी ध्वज फहराया। इस मौके पर पार्टी के कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे और उन्हें पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामना दी। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उप मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।इन सभी कार्यक्रमों में प्रदेश के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त