लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादा को भूल चुकी है कांग्रेस : सांसद

 


अररिया 30 अक्टूबर(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की ओर से चलाए जा रहे लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के तहत शुक्रवार को जोगबनी नगर स्थित अग्रसेन भवन में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शामिल होकर प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

इस अवसर पर सांसद सिंह ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं, शांतिपूर्ण संवाद और जनभागीदारी की मजबूत बुनियाद पर टिका है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन असहमति को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप व्यक्त किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में समाज के प्रबुद्ध वर्ग की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। प्रबुद्धजन समाज में जागरूकता, सकारात्मक संवाद और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतंत्र की गरिमा, सामाजिक सौहार्द एवं संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

सांसद ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सार्थक संवाद को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक नागरिक सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नगर परिषद की चेयरमैन रानी देवी सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर