प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया को बताया कि भारत युद्ध नहीं, शांति का पक्षधर: संजय सरावगी

 

पटना, 23 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकसभा में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर दिए गए बयान पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री आज सदन में आए और उन्होंने सारी जानकारी दी।

प्रधानमंत्री ने पूरी दुनिया को बता दिया कि हम इस युद्ध की समाप्ति चाहते हैं और सरकार देशवासियों के साथ खड़ी हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा सकारात्मक रहते हैं और आज भी उन्होंने वही बातें की हैं।

उन्होंने जहां संयम की बात कही, वहीं सतर्क रहने की जरूरत बताई। पीएम मोदी ने जानकारी दी कि भारत ने पिछले 11 वर्षों में अपने ऊर्जा आयात का डायवर्सिफिकेशन किया है। पहले क्रूड ऑयल, एलएनजी और एलपीजी, ऊर्जा जरूरतों के लिए 27 देशों से आयात किया जाता था। आज भारत 41 देशों से ऊर्जा आयात करता है।

पीएम मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिया है कि सरकार अलग-अलग देशों के सप्लायर के साथ भी संपर्क में है। प्रयास यह है कि जहां से संभव हो, वहां से तेल और गैस की सप्लाई होती रहे। भारत सरकार गल्फ और आसपास के शिपिंग रूट्स पर निरंतर नजर बनाए हुए है।

सरकार का प्रयास है कि तेल, गैस या फर्टिलाइजर हो, या जरूरी सामान से जुड़े जहाज, भारत तक सुरक्षित पहुंचें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पीएम मोदी ने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए उत्साहवर्धन भी किया कि कोरोना के समय हम एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। हमें फिर से उसी तरह से तैयार रहने की आवश्यकता है। धैर्य के साथ, संयम के साथ, शांत मन से हमें हर चुनौती का मुकाबला करना है। यही हमारी पहचान है, यही हमारी ताकत है। हमें बहुत सावधान और सतर्क भी रहना है।

उन्होंने भरोसा दिया, देश की हर सरकार और देश का हर नागरिक जब मिलकर चलेगा, तो हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीयों की भी मदद की जा रही है। पीएम मोदी ने कहा है कि भारतीय हों या पर्यटक हों, सभी को हरसंभव मदद दी जा रही है। हमारे मिशन नियमित रूप से एडवाइजरी जारी कर रहे हैं। यहां भारत और अन्य प्रभावित देशों में 24 घंटे कंट्रोल रूम और आपातकालीन हेल्पलाइन जारी की गई हैं। सभी भारतीयों को त्वरित जानकारी दी जा रही है।

पीएम मोदी ने लोगों को झूठ से सतर्क रहने की भी जरूरत बताई है। उन्होंने कहा है कि इस हालात का फायदा उठाने वाले झूठ फैलाने का प्रयास करेंगे। ऐसे लोगों की कोशिशों को सफल नहीं होने देना है। उन्होंने कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई करने का भी राज्य सरकार से आग्रह किया है।

उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने आज साफ संदेश दे दिया कि भारत हमेशा से ही मानवता के हित में और शांति के पक्ष में अपनी आवाज उठाता रहा है।

प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया कि बातचीत और कूटनीति ही इस समस्या का समाधान है। भारत का हर प्रयास तनाव को कम करने और इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए है। इस संघर्ष में किसी के भी जीवन पर संकट मानवता के हित में नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी ने साफ किया है कि रसायन, फार्मास्यूटिकल्स, पेट्रोकेमिकल्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों द्वारा आवश्यक आयात के स्रोतों में विविधता लाने के लिए कई उपायों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा है कि उर्वरकों और पेट्रोलियम पदार्थों की कमी नहीं है, पर्याप्त भंडार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त