बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में हुई हार के कारणाें पर भाजपा गंभीर, हुई समीक्षा बैठक
पटना, 05 अगस्त (हि.स.)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में हुई हार की समीक्षा करने में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जुट गयी है। इस क्रम में बुधवार काे बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई, जिसमे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।
करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में बांकीपुर उपचुनाव में हार के कारणों पर गंभीर चर्चा की गई। चुनाव में जिम्मेदारी संभालने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। बैठक में भाजपा के मंत्री, पटना के विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और चुनावी ड्यूटी में लगे कई नेता शामिल हुए।
लगभग तीन दशक से भाजपा का गढ़ रही बांकीपुर सीट पर पार्टी को मिली हार को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने नेताओं से चुनावी तैयारी, रणनीति और संगठन स्तर पर हुई कमियों की जानकारी ली। पार्टी यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन वजहों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके। बूथ स्तर के प्रदर्शन, वोटों के अंतर और चुनावी रणनीति की समीक्षा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं की भूमिका और संगठन की सक्रियता पर भी चर्चा हुई।
बैठक के बाद बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने मीडिया से कहा कि बांकीपुर हार की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता भाजपा के साथ रही है और जहां भी कमी हुई है, उसे चिन्हित कर सुधार किया जाएगा।
रामकृपाल यादव ने जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ने तीन महीने में बदलाव दिखाने का दावा किया है, ऐसे में भाजपा उनके काम का हर दिन हिसाब मांगेगी।
उल्लेखनीय है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को हुए उपचुनाव के परिणाम 3 अगस्त को घोषित हुए। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों के अंतर से हराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी