जेएनयू मामले को लेकर भाजपा का आक्रोश, राहुल गांधी का पुतला फूंका
दरभंगा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बेनीपुर अनुमंडलीय क्षेत्र में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं से जुड़े कथित यौन शोषण मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेनीपुर अनुमंडल गेट पर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व दरभंगा पूर्वी जिला भाजपा अध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने कहा कि जेएनयू से जुड़े मामले में सामने आए आरोप गंभीर हैं। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं को भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता रामनारायण ठाकुर, रामसागर ठाकुर, संतोष कुमार झा, रजनीश सुंदर, सोनू ठाकुर, ममता देवी और मनोज झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra