‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प
दरभंगा, 24 अक्टूबर (हि.स.)।
जिले के बेनीपुर स्थित दरभंगा पूर्वी भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिलाध्यक्ष विनय पासवान की अध्यक्षता और जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के संचालन में आयोजित बैठक में अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक समन्वय पर चर्चा की गई।
बैठक में अभियान प्रभारी सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, मतदाता सूची की शुद्धता और एसआईआर प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
जिलाध्यक्ष विनय पासवान ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर जोर दिया। वहीं, जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने अभियान के तहत निर्धारित सात प्रकार के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि दरभंगा पूर्वी जिले के प्रत्येक मंडल में इन्हें योजनाबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक समन्वय और आगामी कार्यक्रमों के संचालन पर विचार-विमर्श किया गया। मौके पर राधेश्याम झा, राहुल कर्ण, संतोष झा, मणिकांत झा, लाल मुखिया, चंदन ठाकुर, रजनीश सुंदरम, तृप्ति यादव, सोनू ठाकुर, नीरज चौधरी, रामू राम, इंद्रेश झा, प्रदीप प्रधान, सरिता देवी, निखत प्रवीण सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra