नवादा के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा केंद्रीय विद्यालय : विवेक ठाकुर

 


नवादा,09 सितंबर (हि.स.)। जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय के संचालन का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।

कन्हाई इंटर स्कूल परिसर में संचालित होने वाले केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त शंभू शरण पांडेय समेत जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि नवादा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जिलेवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इस चिर प्रतीक्षित मांग को पूरा कराने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलना नवादा के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होने से नवादा के बच्चों को काफी लाभ मिलेगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह विद्यालय नवादा के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

सांसद ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना नवादा के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और जिले के विकास की बुनियाद होती है। जब बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलेंगी तो उनका भविष्य उज्ज्वल होगा और जिले का भी सर्वांगीण विकास होगा।

विवेक ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है। उसी तर्ज पर उन्होंने भी विकसित नवादा का सपना देखा है और इस दिशा में पूरी तन्मयता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवादा को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा।

उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के शुभारंभ को जिले के लिए एक नए शैक्षणिक अध्याय की शुरुआत बताते हुए कहा कि इसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। उन्होंने विद्यालय के सफल संचालन के लिए शिक्षकों, अधिकारियों और अभिभावकों से सहयोग की अपील की। समारोह में उपस्थित लोगों ने केंद्रीय विद्यालय के शुभारंभ पर सांसद एवं जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। सांसद ने यादगार के तौर पर सेंट्रल स्कूल परिसर में एक पेड़ भी लगाया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शंभू शरण पांडे भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन