भाजपा की प्रचंड जीत पर विधायक विजय खेमका ने दी बधाई, पूर्णिया में जश्न का माहौल
पूर्णिया, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर पूर्णिया के विधायक विजय खेमका ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय एवं राज्य नेतृत्व तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
विधायक ने कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद, विकास और सांस्कृतिक गौरव की भावना की जीत है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह सुशासन, पारदर्शिता और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहती है। यह विजय देश की आस्था, परंपरा, सनातन और मोदी पर विश्वास की जीत है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पूरे संगठन और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने इस ऐतिहासिक जीत को संभव बनाया है। उन्होंने कहा कि आज बंगाल सहित पूरे देश में जय श्रीराम के नारे गूंज रहे हैं।
इधर, भाजपा की जीत की खुशी में पूर्णिया के गुलाबबाग सनोली चौक, मधुवनी बाजार, आरएन साह चौक, खुसकीबाग हाट, हरदा, रानीपतरा और महेंद्रपुर सहित दर्जनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटीं और जश्न मनाया।
विधायक ने कहा कि बंगाल में महाजंगल राज का अंत हुआ है और अब भाजपा सरकार के नेतृत्व में विकास की नई गति स्थापित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के लक्ष्य की ओर और तेजी से आगे बढ़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह