कांग्रेस जनादेश का अपमान कर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ती:भाजपा

 


अररिया, 29 सितम्बर(हि.स.)। कांग्रेस पार्टी बार-बार चुनाव हारती है और जनादेश का अपमान कर चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप मढ़ एसआईआर का रोना रोती है। कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ती है।

उपरोक्त बातें फारबिसगंज की मुख्य पार्षद वीणा देवी एवं जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी ने भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में मंगलवार काे कही। मुख्य पार्षद ने कहा कि कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए चुनाव आयोग,सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का कुत्सित प्रयास कर रही है। यह सिर्फ झूठ, सनसनी और देश में भ्रम फैलाने का सुनियोजित प्रयास है। चुनाव आयोग के संयुक्त प्रेस नोट से कांग्रेस का महाझूठ एक बार फिर बेनकाब हुआ है।

मुख्य पार्षद ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा की फॉर्म 6 के घोषणा पत्र को सर्वोच्च न्यायालय पहले ही वैध ठहरा चुका है,जहां तक केबिनेट सेक्रेटरी को लिखे पत्र की बात है,किसी नीतिगत विषय एसआईआर से संबंधित नहीं था।कहा कि जब भी विपक्ष जनता की अदालत में पराजित होता है,अपनी खीझ और हार कि हताशा निकालने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप मढ़ने लगता है। मौके पर विधायक देवयंती यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा,भाजपा नेता प्रवीण कुमार, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू,भाजपा नेत्री नम्रता सिंह नीलिमा साह, रंजना झा आदि मौजूद थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर