17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का सेवा समर्पण अभियान , महाकुंभ में शामिल होंगे प्रधानमंत्री
सीवान, 09 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के संसदीय एवं सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा समर्पण अभियान’ चलाया जाएगा।
अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ लाभार्थियों से प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा इसको लेकर भाजपा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी दी गयी।
प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।
पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने के साथ होगी. शाम आठ बजे जिले के घरों, मंदिरों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा विकसित, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद व्यक्त करने की अपील की गयी है।
सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार ‘सेवा’ को प्राथमिकता दी गयी। गरीब, महिला, किसान और युवाओं को केंद्र में रखकर अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गयी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ रहा है और इसी सोच के साथ देश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अभियान के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना सहित विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों को अभियान से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री के प्रति उनके आभार को जनभागीदारी में बदलने का आह्वान किया गया.अभियान के तहत यात्रा, सेवा सेतु अभियान, रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री की कल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन और ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे। रंगोली के माध्यम से आयुष्मान भारत, उज्ज्वला सहित विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित कर लोगों को उनके लाभ की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के अंतिम चरण में जनप्रतिनिधियों का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से सवा लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है. कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान को केवल पार्टी कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं। इस मौके पर विधायक करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, संजय कुमार पांडे, मुकेश कुमार बंटी, नंद प्रसाद चौहान, अनुराधा गुप्ता, रंजीत गुप्ता सहित कई नेता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma