भाजपा जिला कार्यालय में लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन
अररिया 02 नवम्बर(हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में जहां संगठन की मासिक बैठक हुई,वहीं लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ जनसंवाद कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रामक नैरेटिव एवं दुष्प्रचार को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे गलत तथ्यों का तथ्यों और तर्कों के साथ जवाब दें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और वास्तविक परिस्थितियों की सही जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
कार्यकर्ताओं को कहा गया कि वे जनसंपर्क के माध्यम से आम आवाम के बीच जाकर विपक्ष के भ्रामक प्रचार का पर्दाफाश करें, ताकि जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो और विपक्ष अपने गलत नैरेटिव के जरिए अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
मुख्य अतिथि के रूप में अररिया जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी उपस्थित रहे,जिन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने तथा संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पण भाव के साथ सक्रिय भूमिका निभाने एवं पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर