मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय : नंदकिशोर राम
सीवान , 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, सीवान के तत्वावधान में गुरुवार को 12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में शांति, विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिली है तथा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों गरीब परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है और देश में निर्मित रक्षा उपकरणों का निर्यात भी बढ़ा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल ने बिहार में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने संगठन की मजबूती और बूथ सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, किसान सम्मान और कौशल विकास जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें विभिन्न मठों एवं मंदिरों से पधारे साधु-संतों, मठाधीशों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का आधार है, जबकि राष्ट्रहित में कार्य करने वाले कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma