विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर भाजपा का पैदल मार्च, जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

 


भागलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को लेकर बुधवार को भागलपुर शहर में एक पैदल मार्च का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और जनभागीदारी के जरिए भारत को वैश्विक पटल पर सर्वोच्च स्थान पर ले जाने का संकल्प दोहराया। यह पैदल मार्च शहर के ऐतिहासिक टाउन हॉल से शुरू हुआ। पार्टी के झंडे और बैनर थामे कार्यकर्ताओं का हुजूम टाउन हॉल से रवाना होकर खलीफाबाग होते हुए घंटाघर चौक पहुंचा।

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और देशभक्ति व 'विकसित भारत 2047' के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। घंटाघर चौक पर पहुंचने के बाद मार्च एक संकल्प सभा में तब्दील हो गया। इस पैदल मार्च का नेतृत्व क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने किया। मार्च में मुख्य रूप से पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक मुरारी पासवान, भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह, वरिष्ठ नेता मोंटी जोशी, बंटी यादव, पवन मिश्रा और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशीष पांडे समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और पीएम मोदी के नेतृत्व को आगे भी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

नेताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि 'विकसित भारत' का लक्ष्य केवल किसी एक व्यक्ति, सरकार या संगठन का विषय नहीं है, बल्कि यह देश के 140 करोड़ नागरिकों के विकास से जुड़ा मिशन है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों और मध्यम वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भागलपुर में निकले इस मार्च के जरिए भाजपा ने इस संकल्प को एक जन-आंदोलन बनाने और इसमें जनभागीदारी जोड़ने का कड़ा संदेश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर