भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

 


कटिहार, 24 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026' के जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन हो गया।

समापन सत्र और द्वितीय सत्र की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी द्वारा प्रतिपादित अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के विचार हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत हैं। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संगठन की विचारधारा, राष्ट्रसेवा और सरकार-संगठन के समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को वैचारिक व संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न सत्रों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। 'सैद्धांतिक अधिष्ठान एकात्म मानव दर्शन' विषय पर बोलते हुए प्रदेश प्रवक्ता प्रीति शेखर ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। उन्होंने संगठन की विचारधारा, राष्ट्रसेवा, अंत्योदय और कार्यकर्ता आधारित संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

वहीं, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य ने संगठन-सरकार समन्वय विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जिस प्रभावी रूप से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, उसका मुख्य आधार हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम और समर्पण है। पूर्व मंत्री हरि सहनी ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग समर्पित कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने का एक बेहद महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सुशांत गोप ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की सोच को पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

सत्र के अंतिम और समापन सत्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कार्यकर्ता विकास-गुण आचरण और अपेक्षाएं विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित एवं जनहित के प्रति जागरूक, सक्रिय और समर्पित बनाने का माध्यम है। उन्होंने दोहराया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के विचार ही संगठन को जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं।

दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन पर जिलाध्यक्ष मनोज राय ने आए हुए सभी अतिथियों, प्रशिक्षण ले रहे प्रतिनिधियों, तीनों जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार सहित संचालन समिति और व्यवस्था में लगे सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह