भाजपा कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित
सुपौल, 07 सितंबर (हि.स.)। भाजपा कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजू कुमार ने कार्यकर्ताओं को सेवा और संगठन के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष और सेवा की भावना से कार्य करते हैं। पार्टी में पंचायत स्तर के कार्यकर्ता को भी वही सम्मान प्राप्त है, जो किसी बड़े नेता को मिलता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यशाला में जिला प्रभारी अनुरंजन झा, पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, विजय शंकर चौधरी, राम कुमार राय सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र