डरहार डकैती कांड के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

 


दरभंगा, 14 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्र के घर हुई डकैती एवं उनकी पुत्रवधू के साथ मारपीट की घटना को लेकर भाजपा दरभंगा (पश्चिमी) के जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बहादुरपुर थाना कांड संख्या 208/26 के सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मुकुंद चौधरी ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।

उन्होंने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी, बहादुरपुर थाना क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।

साथ ही बहादुरपुर थाना अध्यक्ष को रात्रि गश्ती और पुलिस पेट्रोलिंग तेज करने का निर्देश देने की बात कही। इस दौरान भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेम कुमार मिश्र 'रिंकू' एवं डरहार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पप्पू चौधरी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra