सरकार और संगठन के समन्वय से विकास की गति होगी और तेज : संजय सरावगी
पटना, 10 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी जिलाध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित एवं अनुशासित कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की जिम्मेदारी प्रत्येक पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष की है। सभी कार्यकर्ता जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों, सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को पहुंचाने का कार्य करें।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि संगठन की निरंतर सक्रियता और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा ही भाजपा की सफलता का आधार है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, बिहार प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं बिहार सह-प्रभारी दीपक प्रकाश तथा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने भी संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों के संगठनात्मक कार्यों की जानकारी साझा की तथा आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा जनसेवा के संकल्प को और सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त