भाजपा मनाएगी भामाशाह जयंती, 26 अप्रैल को समारोह का होगा आयोजन
पटना, 24 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी 26 अप्रैल को भामाशाह की जयंती भव्य तरीके से मनाएगी। इसको लेकर पार्टी के कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हैं। पंचायती राज प्रकोष्ठ के बैनर तले रविवार को पटना स्थित बीआईए सभागार में जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा पंचायती प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश कुमार नंदन ने बताया कि 26 अप्रैल को बड़ी संख्या में लोग इस समारोह में भाग लेंगे और भामाशाह के जीवन-दर्शन, त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के आदर्शों को समझेंगे और आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि लोकहित और आत्म-सम्मान के लिए अपना सर्वस्व दान कर देने वाली उदारता के गौरव-पुरुष भामाशाह के आदर्श और प्रेरणा को चिरस्थायी रखने के लिए आयोजित इस भव्य जयंती समारोह में समाज के गणमान्य विद्वान, राजनेता, व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी और उनकी जीवन गाथा का बखान करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह समारोह ऐतिहासिक होने जा रहा है। अब तक यह आयोजन सामाजिक स्तर पर होता था, लेकिन इस बार पार्टी के बैनर तले बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं और समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए भामाशाह के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुष की जयंती को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए। समाज की नई पीढ़ी को भामाशाह के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित कराना जरूरी है। इस जयंती कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंचायत व ग्राम सभाओं तक पहुंचकर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त