भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ अभियान का किया शुभारंभ
सुपौल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और अराजकता के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषिदेव ने कहा कि कांग्रेस देश की जनता द्वारा निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और सभी राजनीतिक दलों को संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनता के बीच जाने और अभियान को जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री सुमन ने देश में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के बाद देश में आपातकाल लागू किया गया था, जिसे उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों पर बड़ा आघात बताया। उन्होंने मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं की कथित अमर्यादित भाषा पर भी सवाल उठाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों से जुड़ा विषय है। अभियान के माध्यम से लोगों को लोकतांत्रिक परंपराओं, संवैधानिक मर्यादाओं और राजनीतिक जवाबदेही के प्रति जागरूक किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र