जनसंपर्क, स्वच्छता अभियान, जनकल्याण शिविर और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन होंगे आयोजित: संजय सरावगी
पटना, 05 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा 12 साल बेमिसाल विश्वास, विकास और जनकल्याण अभियान चलाएगी।
उन्होंने इस अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश में विश्वास, विकास और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय रहा है।
उन्होंने बताया कि 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जून से 21 जून तक पूरे देश और बिहार में 12 साल बेमिसाल विश्वास, विकास और जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस पखवारे में कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे बिहार के 92 हजार से अधिक बूथों पर आज वृक्षारोपण एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया गया। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मानित लोगों, पद्म सम्मान प्राप्त व्यक्तियों, चिकित्सकों, इंजीनियरों, प्रगतिशील किसानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों से संपर्क कर उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिका भेंट की जाएगी। इस दौरान सांसद अपने क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा में एक दिन रहेंगे जबकि विधायक अपने क्षेत्र के मंडलों में अपना समय देंगे। इस दौरान वे विशिष्ट लोगों से भी मिलेंगे।
इसी अवधि में प्रगति पथ यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसके अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा और उपलब्धियों को बताना है। साथ ही भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस क्रम में क्षेत्रों में मीडिया संवाद किया जाएगा, जिसमे केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक प्रत्येक जिलों मे जाएँगे और संवाद करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 12 जून से 20 जून तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर विधानसभा के बड़े प्रखंड में लगाया जाएगा।
शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन लिए जाएंगे और लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस शिविर के लिए सरकार से भी मदद ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि 15 जून से 20 जून तक पूरे बिहार में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें शिक्षाविदों, चिकित्सकों, वकीलों, समाजसेवियों, उद्यमियों, पंचायती राज प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।
इसमें स्वंयसेवी संस्था के प्रमुख, जिला प्रसाशन, सरकार द्वारा सम्मानित व्यक्ति, विभिन्न परीक्षाओं में जिला, राज्य टॉपर, कोचिंग, निजी विद्यालय संचालक, प्रमुख व्यवसायी संस्था प्रमुख, प्रखंड, जिला स्तरीय प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधि, प्रमुख मठ मंदिरों के महंत, पार्टी के पुराने समर्पित अधिकारी, कार्यकर्ताओं को भी बुलाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक जिले में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे राज्य में भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजू झा, प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल, पवन जायसवाल, प्रणव कुमार और मीडिया प्रमुख दानिश इकबाल उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त