जनसंघ काल के कार्यकर्ता बिमलेश सिंह के निधन पर संजय सरावगी ने जताया शोक
पटना, 10 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जनसंघ काल के पार्टी के कार्यकर्ता बिमलेश सिंह के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने बिमलेश सिंह के निधन को भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि संगठन ने एक ऐसे समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति निष्ठा के साथ समर्पित कर दिया।
संजय सरावगी ने कहा कि बिमलेश सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने बाल स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्रसेवा की अपनी यात्रा प्रारंभ की और जीवन के अंतिम समय तक संगठन के प्रति पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करते रहे। उनका सरल व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध सदैव स्मरण किए जाएंगे। वे पटना साहिब से 1990 में भाजपा उम्मीदवार रहकर थोड़े अंतर से पराजित हो गए थे।
भाजपाप्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिमलेश सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के विचार और सिद्धांतों के प्रति अपनी आस्था को मजबूत बनाए रखा। उनका जीवन नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके निधन से भाजपा ने एक अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया है, जिसकी भरपाई कठिन है।
संजय सरावगी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति और संबल प्रदान करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त