महाधिवक्ता एस. डी. संजय का भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ अभिनंदन

 

पटना, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव संपर्क विभाग की ओर से गुरुवार को प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में बिहार सरकार के नव नियुक्त महाधिवक्ता एस. डी. संजय का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि महाधिवक्ता एस. डी. संजय का अभिनंदन केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं का सम्मान है, जिन्होंने वर्षों तक संगठन और समाज की सेवा की है।

उन्होंने कहा कि एस. डी. संजय संघ के स्वयंसेवक, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के सक्रिय पदाधिकारी तथा समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की न्याय व्यवस्था जिस प्रकार अधिक प्रभावी और सशक्त हो रही है, उसी प्रकार बिहार में भी एस. डी. संजय के नेतृत्व में न्यायिक व्यवस्था और मजबूत होगी, अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई होगी तथा आम नागरिकों को शीघ्र और सुलभ न्याय मिलेगा।

भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि किसी भी नई जिम्मेदारी की अच्छी शुरुआत उसके उज्ज्वल परिणाम का संकेत होती है। उन्होंने कहा कि एस. डी. संजय के महाधिवक्ता बनने से उच्च न्यायालय के साथ-साथ निचली अदालतों में भी अधिवक्ताओं का सम्मान और मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव का लाभ पूरे न्यायिक तंत्र को मिलेगा।

भाजपा के संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने कहा कि संगठन में लंबे समय तक सेवा करने वाले कार्यकर्ता को जब महत्वपूर्ण दायित्व मिलता है तो यह पूरे संगठन के लिए गर्व का विषय होता है। भाजपा में सेवा ही सर्वोच्च मूल्य है और कार्यकर्ताओं का सम्मान संगठन की परंपरा रही है।

अपने संबोधन में महाधिवक्ता एस. डी. संजय ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां साधारण कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के बल पर सर्वोच्च जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन में लगातार कार्य करने के कारण उन्हें पहले सर्वोच्च न्यायालय में एडिशनल सॉलिसिटर जनरल के रूप में सेवा का अवसर मिला और अब बिहार का महाधिवक्ता बनने का दायित्व मिला है।

उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं को ईमानदारी, परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से चुनावी दायित्वों के निर्वहन में पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन अवधेश कुमार सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन दीपक वर्मा ने दिया। कार्यक्रम संयोजक राकेश कुमार ठाकुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता, अधिवक्ता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त