भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री की मन की बात

 


पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बिहार प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया।

कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

इस अवसर पर बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, विधायक नीरज सिंह बबलू, विधान पार्षद जनक राम, निवेदिता सिंह एवं शीला प्रजापति, मिजोरम के प्रभारी देवेश कुमार, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रदेश मंत्री सुनील राम, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, बिहार उद्यमी आयोग के अध्यक्ष सुरेश रूंगटा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, आयोग के सदस्य सुग्रीव रैदास, कार्यालय मंत्री विनय कुमार, पैनलिस्ट राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक एवं प्रेरक कार्यों, सामाजिक प्रयासों, उपलब्धियों और जनभागीदारी से जुड़े विषयों को देशवासियों के सामने रखते हैं। कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मन की बात देश के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे सामान्य नागरिकों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बना है। इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और उनके कार्यों से देश के अन्य नागरिकों को भी प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किए जाने से युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों में नई ऊर्जा का संचार होता है। यह कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर भी देता है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद देश की विविधता, जनशक्ति और सामूहिक प्रयासों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है।

कार्यक्रम के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने और जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त