22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भाजपा चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ,भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान

 


पटना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रदेश भर में ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। इस 15 दिवसीय अभियान के माध्यम से पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता, मतदाता सूची की शुद्धता, राजनीतिक जवाबदेही और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की रक्षा जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी। अभियान की सफलता को लेकर बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए इसे प्रदेश के सभी जिलों में प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति बनाई। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रमों के आयोजन, जिला स्तर पर समन्वय और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया। पार्टी का उद्देश्य अभियान के जरिए लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर अपना पक्ष जनता के सामने रखना और विपक्ष की नीतियों पर सवाल उठाना है।

अभियान के तहत सभी जिलों में प्रेस वार्ता, पदयात्रा, युवा संवाद, विद्यार्थी संवाद और प्रबुद्ध जनों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और सीजेपी, की नीतियों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनके दृष्टिकोण को लेकर सवाल उठाएगी। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। भाजपा इन आरोपों के संदर्भ में अपना पक्ष रखते हुए जनता के बीच संवाद स्थापित करेगी।

अभियान की कार्ययोजना में मतदाता सूची की शुद्धता, मताधिकार की रक्षा, कथित भ्रामक प्रचार और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। इसके साथ ही राजनीतिक जवाबदेही, भ्रष्टाचार के आरोपों और विभिन्न राजनीतिक दलों के दावों को उनके अलग-अलग मानदंडों के आधार पर जनता के सामने रखने पर भी जोर दिया जाएगा। अभियान के तहत राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, महिला अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े विषयों को भी उठाया जाएगा। इसके अलावा लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ रैलियां, राष्ट्र चिंतन संवाद, घुसपैठिया हटाओ लोकतंत्र बचाओ इंफ्लूएसर आउटरीच, पत्रिका विशेषांक, साहित्य और पुस्तिकाओं का वितरण, सोशल मीडिया जनसम्पर्क, प्रचार सामग्री जैसे चीजों को शामिल किया जाएगा।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, महामंत्री सरोज रंजन पटेल, उपाध्यक्ष शीला कुशवाहा, पवन जायसवाल, विधायक संजय गुप्ता, एमएलसी अनामिका सिंह पटेल, प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, सुरेश रूंगटा सहित अभियान से जुड़ी प्रदेश स्तरीय टोली के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई।

अभियान की तैयारियों को और गति देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जिला अध्यक्षों तथा जिला स्तरीय टोली के सदस्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी बैठक की। इसमें सभी जिलों में कार्यक्रमों के आयोजन, जनसंपर्क की रणनीति और अभियान की सफलता के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

भाजपा ने अभियान के जरिए प्रदेशभर में लोकतंत्र और संवैधानिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनसंवाद करने की योजना बनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त