लोकतांत्रिक विचारों में विश्वास करती है भाजपा : अजय आलोक
पटना, 13 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जोड़ने वाले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने प्रशांत किशोर को प्रखर कुटिल महोदय बताते हुए कहा कि बिहार की राजनीति को लेकर इस तरह की बयानबाजी करना उनकी राजनीतिक समझ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक विचारों में विश्वास करने वाली पार्टी है और यहां किसी मुख्यमंत्री के कहने पर कोई चुनाव न तो हराया जाता है और न ही जिताया जाता है।
अजय आलोक ने कहा कि क्या प्रशांत किशोर ने इसे कांग्रेस का राज समझ लिया है, जहां मुख्यमंत्री के कारण चुनाव जीतने और हारने की बातें होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन और कार्यकर्ताओं की अपनी भूमिका है तथा पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ती है।
उन्होंने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्हें कांग्रेस की राजनीति इतनी पसंद है तो उन्हें कांग्रेस की दलाली करने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर तेलंगाना और कर्नाटक की राजनीति में जाने और वहां झूठ बोलने के बाद अब बिहार के चक्कर में क्यों पड़े हुए हैं।
अजय आलोक ने कहा कि बांकीपुर में एक बार चुनाव जीत जाना किसी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि का प्रमाण नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रशांत किशोर की बांकीपुर में कोई सामाजिक या राजनीतिक मौजूदगी नहीं है और वह यहां के लोगों के बीच लगातार सक्रिय भी नहीं रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने प्रशांत किशोर को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें राजनीतिक हिम्मत है तो अभी घोषणा करें कि वह वर्ष 2030 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी और नौटंकी करने से राजनीति नहीं चलती।
उन्होंने कहा कि अगर बांकीपुर की जनता और वहां के मतदाताओं पर इतना ही भरोसा है तो प्रशांत किशोर को दोबारा इसी सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा करनी चाहिए।
अजय आलोक ने कहा कि प्रशांत किशोर को सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम और तरह-तरह की राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय अपने काम पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में जीत के बाद प्रशांत किशोर को अपनी राजनीतिक सफलता को लेकर बहुत अधिक उत्साहित होने की जरूरत नहीं है। बिहार की जनता सब देखती और समझती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री चाहते तो खाता एक भी बूथ पर नहीं खुलता। लेकिन भाजपा में इस तरह की राजनीति की कोई जगह नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री कभी पार्टी के उम्मीदवार को जानबूझकर हराने का काम नहीं करता और न ही भविष्य में ऐसा करेगा।
अजय आलोक ने कहा कि बांकीपुर का परिणाम लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच काम करते रहेंगे।
उन्होंने प्रशांत किशोर को सलाह दी कि वे आरोप लगाने के बजाय अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने पर ध्यान दें और यदि वास्तव में उनमें राजनीतिक आत्मविश्वास है तो वर्ष 2030 में फिर से बांकीपुर से चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त