एक दर्जन से अधिक कांडों के अभियुक्त बिट्टू सिंह गिरफ्तार
सारण, 06 मई (हि.स.)। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप अपराधियों की सूची में शामिल बिट्टू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जलालपुर थाना क्षेत्र के बसडीला निवासी बिट्टू सिंह, अपहरण, आर्म्स एक्ट और लूट जैसे करीब 15 गंभीर मामलों में वांछित था। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले में फरार और वांछित अपराधियों की धर-पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में गुप्त सूचना मिली कि बिट्टू सिंह शहर के थाना चौक इलाके में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जलालपुर, मुफ्फसिल, नगर थाना और डी.आई.यू. की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त बिट्टू सिंह जलालपुर थाना कांड संख्या 259/25 में मुख्य नामजद अभियुक्त था। उस पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं मामला दर्ज था।
गिरफ्तार बिट्टू सिंह का आपराधिक ग्राफ काफी लंबा है। वर्ष 2013 से ही वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर मढ़ौरा थाना में हत्या और लूट, जलालपुर, मढ़ौरा, गरखा और रिविलगंज थानों में अवैध हथियार रखने और प्रदर्शन के आधा दर्जन मामले, रिविलगंज थाना में अपहरण का मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त पटना के शाहजहाँपुर थाना क्षेत्र में भी उस पर लूट और डकैती के केस दर्ज हैं।
इस कार्यवाही में जलालपुर थानाध्यक्ष के साथ-साथ नगर एवं मुफ्फसिल थाना के पदाधिकारी और डी.आई.यू. सारण की टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन अब बिट्टू सिंह के अन्य सहयोगियों और उसके द्वारा किए गए अन्य अपराधों की कुंडली खंगालने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार