मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती, पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में गुरुवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने राजीव गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने राजीव गांधी के ऐतिहासिक कार्यकाल और देश के विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश में 18 वर्ष की उम्र में युवाओं को मताधिकार देने का ऐतिहासिक फैसला राजीव गांधी के कार्यकाल में ही लिया गया था, जिसने देश के युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत किया। अजीत शर्मा ने महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को पंचायती राज व्यवस्था में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में भी राजीव गांधी के कार्यकाल में महत्वपूर्ण पहल की गई थी। इसके साथ ही उन्होंने देश में सूचना क्रांति लाने का श्रेय भी उन्हें दिया। पूर्व विधायक ने जोर देकर कहा कि डिजिटल और आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर