भोला पासवान शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात कर नीतीश कुमार ने दलित-वंचित वर्गों के उत्थान को दी नई दिशा: उमेश सिंह कुशवाहा

 


जदयू कार्यालय में मनाई गयी भोला पासवान शास्त्री की 112वीं जयंती

पटना, 21 सितंबर (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भोला पासवान शास्त्री की 112वीं जयंती साेमवार क जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय, पटना में मनाई गई।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि भोला पासवान शास्त्री सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकार एवं सम्मान के लिए समर्पित कर दिया। सार्वजनिक जीवन में उनके आदर्श, सिद्धांत और साफ-सुथरी राजनीति आज भी हम सभी के लिए प्रेरणादायी हैं।

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने भोला पासवान शास्त्री के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए बीते 20 वर्षों में समाज के दलित, शोषित और वंचित तबकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनकी नीतियों एवं कार्यक्रमों में सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान को निरंतर प्राथमिकता दी गई।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री सुनील कुमार, पूर्व मंत्री सह विधायक महेश्वर हजारी, विधानपरिषद में सत्तारूढ़़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, विधायक पप्पू वर्मा, विधानपार्षद सह प्रदेश प्रवक्ता डाॅ भारती मेहता, विधानपार्षद रीना यादव सहित पार्टी के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी