वीरपुर गोल चौक का गोलंबर हुआ क्षतिग्रस्त, अनियंत्रित कार ने मारी जोरदार टक्कर, एक व्यक्ति जख्मी
सुपौल, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले के वीरपुर स्थित गोल चौक पर रविवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने गोलंबर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोलंबर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कार का अगला भाग भी बुरी तरह टूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण कार सीधे गोलंबर से जा टकराई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
इस हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रशासन द्वारा गोलंबर को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोल चौक क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र