वीरपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में जर्जर सड़क बनी मुसीबत, गड्ढों में पानी भरने से बढ़ा हादसों का खतरा

 


सुपौल, 06 मई (हि.स.)। जिले के वीरपुर नगर पंचायत अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी वार्ड संख्या 12 में एसएसबी कैंप से स्टेट हाईवे-91 को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।

सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश के दौरान ही ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे वे नजर नहीं आते और दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हर दिन जोखिम उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क इलाके के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह सीधे एसएच-91 से जुड़ती है। साथ ही, एसएसबी कैंप के जवान भी नियमित रूप से इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद, लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों के अनुसार, उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खराब सड़क के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे भी होते रहते हैं। वार्ड वासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के जूनियर इंजीनियर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी है और समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र