वीरपुर में मोतियाबिंद जांच शिविर, 40 लोगों की हुई आंखों की जांच
सुपौल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पंचायत स्थित अनुमंडलीय अस्पताल, वीरपुर में गुरुवार को मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम में करीब 40 लोगों की आंखों की जांच की गई। शिविर के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के साथ प्रखंड क्षेत्र के चिन्हित लाभुकों की भी आंखों की जांच की गई।
मोतियाबिंद से संबंधित मरीजों की पहचान कर उनकी लाइन लिस्टिंग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच के बाद जिन लाभुकों में मोतियाबिंद की पुष्टि होगी, उनका ऑपरेशन स्थानीय विधायक नीरज कुमार बबलू के स्तर से कराया जाएगा।
शिविर के सफल संचालन के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसमें डॉ. प्रीतम कुमार, डॉ. शैलेन्द्र दीपक, डॉ. सकीलुर्रहमान, पूजा भारती, सत्येंद्र कुमार, प्रेम पल्लव गांधी, नीतिश कुमार, सौरभ कुमार एवं विपिन कुमार शामिल रहे।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की समय पर आंखों की जांच कर मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिन्हित करना और उन्हें ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराना है। जांच कराने पहुंचे लोगों को आंखों की देखभाल और उपचार से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र