हवाई पर्यटन व एयर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए छह सदस्यीय टीम ने वीरपुर हवाई अड्डे का किया निरीक्षण

 








सुपौल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के वीरपुर अनुमंडल स्थित हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हवाई पर्यटन तथा एयर स्पोर्ट्स गतिविधियों को विकसित करने की संभावनाओं को लेकर छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने हवाई अड्डे के रनवे, मैदान, सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच मार्ग और अन्य उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया तथा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संभावनाओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने बताया कि इस क्षेत्र में हवाई पर्यटन, पैराग्लाइडिंग, माइक्रोलाइट फ्लाइंग, ग्लाइडर प्रशिक्षण और अन्य एयर स्पोर्ट्स गतिविधियों को विकसित करने की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। यदि आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित की जाती है तो यह क्षेत्र न केवल खेल गतिविधियों का केंद्र बन सकता है बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान बना सकता है।

टीम ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, भूमि की स्थिति, मौसम की अनुकूलता और आसपास के जिलों से कनेक्टिविटी का भी अध्ययन किया। निरीक्षण के बाद टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभागों को सौंपेगी, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाओं और निवेश को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यहां एयर स्पोर्ट्स और हवाई पर्यटन की गतिविधियां शुरू होती हैं तो इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही आसपास के जिलों में पर्यटन और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र