शहर की सुरक्षा के लिए 15 विशेष बाइक गश्ती दल रवाना, 80 पुलिसकर्मी तैनात

 


पूर्णिया, 14 जुलाई (हि.स.)। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से पूर्णिया पुलिस ने विशेष पहल की है।

शहरी क्षेत्र में नियमित गश्ती को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की 15 विशेष मोटरसाइकिल गश्ती टीमें गठित की गई हैं।

पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद और एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने इन टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विशेष गश्ती व्यवस्था के तहत करीब 80 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से शहर के अलग-अलग चिन्हित एवं संवेदनशील इलाकों में लगातार भ्रमण करेंगे।

बाइक गश्ती शुरू होने से पुलिस अब शहर की तंग गलियों और संकरे रास्तों तक भी आसानी से पहुंच सकेगी, जहां चारपहिया पुलिस वाहनों का पहुंचना कठिन होता है।

गश्ती दल का विशेष ध्यान शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बैंकों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रहेगा।

त्योहारों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी इन इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छिनतई, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

इस नई व्यवस्था की प्रमुख विशेषता इसका त्वरित रिस्पॉन्स टाइम होगा। शहर के किसी भी इलाके से वायरलेस पर सूचना प्राप्त होते ही नजदीकी बाइक गश्ती टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकेगी।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि इससे अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नकेल कसने में मदद मिलेगी।

आईजी विवेकानंद ने कहा कि शहर में पुलिस गश्ती को और अधिक मजबूत बनाने के लिए 15 विशेष टीमों का गठन किया गया है।

ये टीमें निर्धारित क्षेत्रों में नियमित गश्त करेंगी और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचेंगी। इस व्यवस्था से शहरवासियों और व्यवसायियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने के साथ कानून-व्यवस्था भी बेहतर होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह