कटिहार में बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस अभियान का आगाज, आठ जुलाई तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
कटिहार, 03 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने और शासन में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कटिहार जिले में 02 जुलाई से 08 जुलाई तक 'बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस' सप्ताह मनाया जा रहा है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत पंचायत से लेकर जिला स्तर तक हर दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य और समापन कार्यक्रम 08 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।
बिहार सरकार के निगरानी विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए जिला प्रशासन ने इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। इसके तहत तीन जुलाई को जिला स्तरीय सभी विभागों के अधीनस्थ कार्यालयों में शाम पांच बजे लोक सेवकों द्वारा 'सतर्कता शपथ-पत्र' का पाठ और शपथ ग्रहण किया गया। चार जुलाई को जिले के सभी प्रखंड, अंचल, पंचायत, वार्ड और ग्राम स्तर पर शपथ-पत्र का पाठ और जागरूकता कार्यक्रम होंगे, जिसकी निगरानी थाना स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, पांच जुलाई को शाम चार बजे एनआईसी सभागार में एसडीपीओ और थाना प्रभारियों के लिए 'सतर्कता' विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन होगा।
अभियान के अगले चरण में छह जुलाई को स्कूली विद्यार्थियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता और सात जुलाई को सतर्कता संबंधी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आठ जुलाई को इस विशेष सतर्कता जागरूकता अभियान का समापन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन तय कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए इस सतर्कता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह