बिहार के 700 मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ शुरू, विद्यार्थियों को मिलेगा चौबीसों घंटे वन-टू-वन शिक्षक सहयोग

 


पटना, 24 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में चौबीसों घंटे, सातों दिन, वन-टू-वन इंटरैक्टिव शैक्षणिक प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई आसान होगी और उन्हें चौबीसों घंटे ऑनलाइन शिक्षक की सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों से शुरू की गई इस पहल से करीब तीन लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए चौबीस घंटे और सातों दिन लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों में तथा कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही बिहार बोर्ड, जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक एआई टूल्स के माध्यम से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाया जाएगा। विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि 700 मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही यह व्यवस्था आगे राज्य के अन्य विद्यालयों तक विस्तारित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाएं, अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करें तथा ज्ञान और कौशल के माध्यम से जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी कहीं भी हों और जब भी पढ़ाई करें, उनके सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उपलब्ध रहे।

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के उपयोग का डेमो प्रस्तुत किया। उन्होंने ऐप से मिलने वाली सुविधाओं और इसके लाभों की जानकारी दी तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी