मटेश्वर धाम की नई 11 सदस्यीय न्यास समिति का हुआ गठन
सहरसा, 30 जून (हि.स.)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मटेश्वर धाम मंदिर, काठो के सुचारू प्रबंधन, विकास और संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने नई 11 सदस्यीय स्थायी न्यास समिति का गठन किया है। सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी को इस समिति का पदेन अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन के हस्ताक्षर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह समिति अगले पांच वर्षों के लिए कार्य करेगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पूर्व में वर्ष 2019 में गठित समिति का पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा हो चुका था। मंदिर की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला पदाधिकारी सहरसा से स्वच्छ छवि वाले नामों का प्रस्ताव मांगा गया था। डीएम द्वारा भेजे गए नामों और उनके चरित्र सत्यापन रिपोर्ट की समीक्षा के बाद न्यास परिषद ने इस नई समिति के गठन का निर्णय लिया।
समिति में अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा, उपाध्यक्ष मुन्ना भगत (काठो) ,सचिव संतोष कुमार सिंह (तेघड़ा) ,कोषाध्यक्ष कृष्णा कन्हैया खेतान (बलवाहाट) ,सदस्य कृष्ण कन्हैया (बलवाहाट), फुलेश्वर रजक (मोहनपुर), संजीव जायसवाल (मोहनपुर), ललित झा (कांठो), शिबु राय (कांठो), मिलन कुमार (कांठो) और बबलू यादव (बरसम) शामिल हैं।
अधिसूचना के साथ जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज मंदिर की भूमि या संपत्ति में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। न्यास समिति या उसके किसी भी पदाधिकारी को मंदिर की जमीन का हस्तांतरण, बदलैन (एक्सचेंज),बिक्री या पट्टा (लीज) आदि पर देने का कोई अधिकार नहीं होगा। यदि कोई ऐसा करता है, तो वह सौदा पूर्णतः अवैध माना जाएगा और दोषी सदस्यों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
मंदिर के चढ़ावे और दानपात्र की राशि समिति के दो अधिकृत सदस्यों के समक्ष खोली जाएगी और तुरंत बैंक खाते में जमा होगी।इसके साथ ही सभी वित्तीय लेनदेन केवल संयुक्त हस्ताक्षर (अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष) के माध्यम से ही किए जा सकेंगे। न्यास समिति के सभी सदस्यों को शपथ-पत्र देना होगा कि उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।परिसर में स्वच्छता, महिला श्रद्धालुओं की सुविधा, पुजारियों की योग्यता का निर्धारण तथा उनके वेतन का भुगतान भी इसी समिति के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार