बिहार में बारिश के बाद मौसम सुहावना, 12 जिलों में बारिश-वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट
पटना, 04 मई (हि.स.)। बिहार में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है, लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में ठंडक महसूस की जा रही है।
इसी बीच राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से सोमवार दोपहर बाद से शाम 4:45 बजे तक के लिए राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान तेज हवा के साथ मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
जिन जिलों में यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें औरंगाबाद, अरवल, गया, गोपालगंज, जहानाबाद, पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और सीवान शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखें। विशेष रूप से वज्रपात के खतरे को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।---------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी