राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित केशव कुमार बने ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ के स्टेट टीम कोऑर्डिनेटर

 


मुजफ्फरपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)।

बिहार के शिक्षकों की प्रमुख प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ ने प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर उर्दू, मुरौल, मुजफ्फरपुर के प्रधान शिक्षक केशव कुमार को स्टेट टीम कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह दायित्व टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार, टेक्निकल टीम लीडर शिवेंद्र प्रकाश सुमन तथा टीम के अन्य सदस्यों के विश्वास और सहमति से उन्हें प्रदान किया गया है।

केशव कुमार का चयन वर्ष 2025 में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से प्रधान शिक्षक के पद पर हुआ था। शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचारी प्रयासों और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के लिए उन्हें वर्ष 2026 में राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बिहार के शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।

केशव कुमार पिछले छह वर्षों से ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर जिले के डिस्ट्रिक्ट मेंटर स्टेट टीम में फेसबुक मॉडरेटर, कुटुंब ऐप मॉडरेटर, इवेंट लीडर, त्रैमासिक पत्रिका प्रकृति प्रहरी, प्रज्ञानिका एवं अनुसंधानम्, पत्रिका NMMSS 2026-26 के सितारे के मार्गदर्शक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया तथा विभिन्न गतिविधियों के संचालन और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें अब प्रदेश स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर केशव कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संगठन के फाउंडर शिव कुमार, टेक्निकल टीम लीडर शिवेंद्र प्रकाश सुमन और टीम के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जवाबदेही भी है। वह पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करते हुए टीम के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ शिक्षकों को अपने शैक्षणिक नवाचारों, रचनात्मक गतिविधियों और प्रभावी शिक्षण विधियों को साझा करने का अवसर प्रदान करने वाला एक सशक्त मंच है। इसके माध्यम से शिक्षक एक-दूसरे के अनुभवों से सीखते हैं तथा विचारों के आदान-प्रदान से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।

स्टेट टीम कोऑर्डिनेटर के रूप में अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए केशव कुमार ने कहा कि टीम के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, शैक्षणिक नवाचारों को प्रोत्साहित करना और संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएँ होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम के सदस्यों के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से संगठन के उद्देश्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा, “मुझ पर जताया गया विश्वास मेरे लिए सम्मान भी है और संकल्प भी। मैं पूरी ऊर्जा, निष्ठा और समर्पण के साथ इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ की प्रगति में सार्थक योगदान देने का प्रयास करूँगा।”

उक्त जानकारी ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से दी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार