मुजफ्फरपुर रेल पुलिस का विशेष अभियान, 31 ट्रेनों में सघन जांच,312 बेटिकट यात्रियों से वसूले गए 1.93 लाख रुपये
Muzaffarpur, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए रेल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और रेल परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान डॉग स्क्वॉड, आरपीएफ और टिकट जांच कर्मियों के बीच समन्वय स्थापित कर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच की जा रही है।
दरअसल, 8 अक्टूबर को चलाए गए विशेष अभियान के तहत रेल जिला मुजफ्फरपुर से गुजरने वाली कुल 31 ट्रेनों में जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 312 यात्रियों को पकड़ा गया। टिकट जांच के क्रम में इन यात्रियों से कुल 1 लाख 93 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रेल पुलिस के अनुसार, बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह विशेष अभियान 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और रेल परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
वहीं, पूरे मामले पर रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा जैसे पर्व-त्योहारों के मद्देनजर रेल पुलिस पूरी तरह सतर्क है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल रेल पुलिस को सूचित करें।
मुजफ्फरपुर रेल पुलिस ने कहा है कि पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार