छपरा में अखिलेश यादव की सभा से उत्साहित सपा नेताओं ने झोंकी ताकत

 


छपरा, 4 नवंबर (हि.स.)।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की यूपी की सीमा से सटे जिलों में चुनावी जनसभाओं से उत्साहित बलिया के सपा कार्यकर्ता महागठबंधन प्रत्याशियों की हवा बनाने के लिए जुट गए हैं। सपा कार्यकर्ता छपरा ही नहीं, बक्सर और अन्य जिलों में भी फैल गए हैं।

दो दिन पहले यानी रविवार को छपरा में सपा मुखिया अखिलेश यादव की चुनावी जनसभा के बाद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को कार्यकर्ता छपरा और बक्सर की सीमावर्ती विधानसभा सीटों पर गांव-गांव घूम रहे हैं। राजद और अन्य सहयोगी दलों के लिए बलिया के सपाई पूरे मनोयोग से लगे हैं।

यूपी के सपा कार्यकर्ता 2025 में महागठबंधन की जीत में 2027 के लिए मंत्र ढूंढ रहे हैं। बलिया में सपा के जिला उपाध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय कान्हजी ने कहा कि जिस प्रकार से महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने नौकरियों की घोषणा की है, उससे बिहार के युवा उत्साहित हैं। क्योंकि 17 महीने डिप्टी सीएम रहते तेजस्वी यादव ने यह साबित किया था कि इच्छा शक्ति हो तो बेरोजगारी दूर की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि 2025 की महागठबंधन की जीत यूपी में भी बदलाव की रोशनी बनेगी। इसीलिए हम लोग बिहार में महागठबंधन के लिए लगे हैं। बिहार से शुरू होने वाली बदलाव की बयार पूरे देश को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि बलिया से सपा सांसद और स्टार प्रचारक सनातन पाण्डेय मुजफ्फरपुर में और सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर सिवान और छपरा में प्रचार में जुटे हैं। जिले के अन्य कार्यकर्ता बक्सर और छपरा में लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी