बिहार पृथ्वी दिवस को लेकर स्कूली छात्र-छात्राओं को दिलाया गया संकल्प
भागलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज के निर्देशानुसार रविवार को भागलपुर वन प्रमंडल के भागलपुर वन प्रक्षेत्र, नवगछिया वन प्रक्षेत्र एवं कहलगांव वन प्रक्षेत्र में बिहार पृथ्वी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अंतर्गत भागलपुर वन प्रक्षेत्र, नवगछिया वन प्रक्षेत्र एवं कहलगांव वन प्रक्षेत्र में स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच 11 सूत्री संकल्प दिलाया गया ।
बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर भागलपुर वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, श्रीनगर, खिरनी घाट भागलपुर में 11 सूत्री संकल्प वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम एवं प्रशिक्षु वनों के क्षेत्र पदाधिकारी आशीष राज के द्वारा दिलाया गया एवं स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के द्वारा एक पेड़ माँ के नाम योजना के तहत वृक्षारोपण किया गया। नवगछिया वन प्रक्षेत्र, के मध्य विद्यालय पकड़ा में शिक्षक ज्ञानचंद ज्ञानी के द्वारा 14 सूत्री संकल्प दिलाया गया एवं एक पेड़ माँ के नाम के योजना के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी किया गया।
कहलगांव वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर कहलगांव वन प्रक्षेत्र अंतर्गत ज्ञानोदय विद्यापीठ, धुआवे, मध्य विद्यालय सन्हौला, एम एस हाई टेक्नो पब्लिक स्कूल, श्री चंदिका मिश्रीलाल कृष्णा प्रसाद हाई स्कूल अरार, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सन्हौला, मध्य विद्यालय महेशमुंडा, उच्च विद्यालय महेशमुंडा, उच्च विद्यालय एकचारी, बालिका उच्च विद्यालय भोलसर में छात्र - छात्राओं के बीच 11 सूत्री संकल्प दिलाया गया, साथ वृक्षारोपण किया गया। बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी श्री कुमार गौतम ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इन्होंने कहा सावन-भादो के इस हरित मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएँ और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा बिहार सुनिश्चित करें। वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कम्पनी कुमार ने बिहार पृथ्वी दिवस का मुख्य उद्देश्य बताया इन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याओं के खिलाफ एकजुट होना, तथा पृथ्वी पर जीवन को सुरक्षित रखना हमारा मुख्य उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर