अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर पूर्व मंत्री मंगल पांडेय और विधायक संजय गुप्ता सहित भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पटना, 24 अगस्त (हि.स.)।
भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अरुण जेटली की पुण्यतिथि के अवसर पर आज कंकड़बाग स्थित अरुण जेटली पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय एवं विधायक संजय गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्वर्गीय अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय अरुण जेटली के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके राष्ट्रसेवा में दिए गए योगदान को नमन किया। पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि अरुण जेटली ने देश के विकास, आर्थिक सुधार, लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।
उंन्होने कहा कि स्वर्गीय अरुण जेटली एक कुशल राजनेता, प्रखर वक्ता, उत्कृष्ट विधिवेत्ता और संगठन के समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और राजनीतिक सूझबूझ से सार्वजनिक जीवन में एक अलग पहचान बनाई। केंद्रीय वित्त मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि अरुण जेटली जी के विचार, कार्यशैली और आदर्श आज भी भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनके योगदान को देश और समाज लंबे समय तक याद रखेगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव सहित रवि सिंह, निरंजन, राजू सिन्हा, अरुण माइकल, मुकेश सिन्हा, राजन, प्रदीप झा, चुनमुन सिंह, महाराज महतो एवं धनंजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वर्गीय अरुण जेटली के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी देश और समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय अरुण जेटली की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त