दीपावली और छठ के बाद भी बिहार की हवा जहरीली, पटना समेत 10 शहरों में प्रदूषण का कहर

 


-पटना में एक्यूआई 316 तक पहुंचा, अररिया और भागलपुर में भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब-सुबह-शाम स्मॉग की मोटी परत से बढ़ी लोगों की परेशानी

पटना, 17 नवंबर (हि.स.)। बिहार में दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के बाद भी वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। राज्य के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता अब भी चिंताजनक बनी हुई है। सुबह और शाम के समय वातावरण में धुंध और स्मॉग की मोटी परत छाई रह रही है। इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं।

राजधानी पटना में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। मंगलवार को शहर के विभिन्न निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 220 से 316 के बीच दर्ज किया गया। पटना समेत राज्य के 10 शहरों में वायु गुणवत्ता खराब से लेकर बेहद खराब स्थिति में बनी रही।

पटना के राजवंशी नगर इलाके में एक्यूआई करीब 315 तक पहुंच गया। वहीं, दानापुर, समनपुरा और मुरादपुर जैसे इलाकों में भी प्रदूषण का असर देखा गया। हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर फेफड़ों और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकते हैं।

प्रदूषण का असर राजधानी तक सीमित नहीं है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र के कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अररिया में एक्यूआई 288 से 316 के बीच दर्ज किया गया, जबकि सहरसा में अलग-अलग समय पर यह 238 से बढ़कर 498 तक पहुंच गया। पूर्णिया में भी एक्यूआई करीब 206 दर्ज किया गया। कम हवा की रफ्तार, वातावरण में नमी और धूलकणों के जमाव को प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

राज्य के अन्य शहरों में भी वायु प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दरभंगा में एक्यूआई 275, आरा में 266, हाजीपुर में 259, भागलपुर में 239 से 360, बक्सर में 236, सिवान में 234 और राजगीर में करीब 224 दर्ज किया गया। इस तरह अररिया, दरभंगा, आरा, हाजीपुर, भागलपुर, सहरसा, बक्सर, सिवान, पटना और राजगीर समेत राज्य के कई शहरों में वायु प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी