बाबा गणिनाथ गोविंद धाम मंदिर निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

 


भागलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक बाजार स्थित श्री श्री 108 बाबा गणिनाथ गोविंद धाम मंदिर के भव्य निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है। सनातन विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित कार्यक्रम में मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खरीक बाजार पहुंचे। मंदिर निर्माण को लेकर पूरे समाज और श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। मंदिर निर्माण को भव्य रूप देने के लिए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग दिया। इस अवसर पर इटहरी (महेशखूंट) निवासी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने 1 लाख 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर अपनी सहभागिता निभाई। इसके अलावा कई अन्य श्रद्धालुओं ने भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार मंदिर निर्माण कोष में आर्थिक योगदान दिया। आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं और समाज के सामूहिक व व्यवस्थित प्रयास से इस निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बाबा गणिनाथ सेवा समिति के संरक्षक निरंजन साह ने मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहाँ पूजनोत्सव का कार्य वर्ष 2005 में तत्कालीन अध्यक्ष शंकर साह के नेतृत्व में शुरू हुआ था, जो आज तक अनवरत जारी है। उन्होंने घोषणा की कि इस बार बाबा का भव्य पूजनोत्सव आगामी 19 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। मंदिर निर्माण संपन्न होने के बाद गर्भगृह में मूर्तियों की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा के लिए भी श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया है। मंदिर निर्माण कार्य की पूरी जिम्मेदारी कुशल अभियंता (इंजीनियर) सत्यम प्रकाश को सौंपी गई है। उन्हीं के द्वारा मंदिर का बेहद आकर्षक और भव्य नक्शा तैयार किया गया है, जिसकी देखरेख में ही निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। मीडिया प्रभारी परशुराम कुमार साह ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है और समिति का प्रयास है कि सभी को साथ लेकर कार्य को समय पर पूरा किया जाए। भूमि पूजन के इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर पीडब्ल्यूडी के एसडीओ नंदकिशोर साह उपस्थित हुए। कार्यक्रम में मुख्य यज्ञमान के रूप में समिति के अध्यक्ष अशोक साह ने पूजा संपन्न की। मौके पर उपाध्यक्ष रामचंद्र साह, कोषाध्यक्ष महेश साह, अरविंद साह, युवा अध्यक्ष विनोद कुमार साह, युवा सचिव प्रिंस कुमार, वैभव साह, मंदिर के पुजारी संतोष साह, सचिव संजय साह, महिला अध्यक्ष रेनू देवी, नवगछिया बाबा गणिनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती, उपाध्यक्ष प्रो. अशोक गुप्ता, राघोपुर के सुभाष साह, कटिहार के मनोज साह, घोघा के जयचंद्र साह सहित कई वरिष्ठ व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर