बाबा भीमशंकर मंदिर में पहली सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सुपौल, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर में सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली।
प्रशासनिक अनुमान के अनुसार लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी धक्का-मुक्की, अफरा-तफरी या यातायात बाधित होने जैसी स्थिति नहीं बनी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार प्रशासन की ओर से की गई सुनियोजित तैयारियों का सकारात्मक असर साफ दिखाई दिया। मंदिर परिसर में अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए थे। बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन का अवसर मिला।
लोगों ने नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा भीमशंकर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार की कार्यशैली और प्रशासनिक टीम की सक्रियता की सराहना की। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार व्यवस्था कहीं अधिक बेहतर रही।
उन्हें लंबी प्रतीक्षा या अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ा और पूरे परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस बल की लगातार निगरानी बनी रही। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और मंदिर न्यास समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि भविष्य में भी इसी प्रकार की व्यवस्था कायम रही तो यह भीड़ प्रबंधन का एक आदर्श मॉडल साबित होगा।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में संत निरंकारी मंडल की ओर से निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा शिविर भी लगाया गया। सुबह से शाम तक हजारों श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया, जिससे उमस भरे मौसम में लोगों को काफी राहत मिली।
मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। अधिकारियों की तैनाती, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराना था।
उन्होंने कहा कि आगे भी श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। वहीं मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष सह अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि इस बार लागू की गई नई ट्रैफिक और बैरिकेडिंग व्यवस्था पूरी तरह सफल रही। पूरे आयोजन के दौरान अनुमंडल प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मंदिर न्यास समिति के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र कुमार, साइबर पुलिस उपाधीक्षक गौरव गुप्ता, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा राघोपुर थाना की अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र