भिखारी ठाकुर जयंती समारोह में शामिल होंगे राज्यपाल

 


पटना, 17 दिसंबर (हि.स.)। लोक नाटककार भिखारी ठाकुर की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सारण जिले के कुतुबपुर दियारा स्थित भिखारी ठाकुर आश्रम में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राज्यपाल का कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे का निर्धारित है। वे भिखारी ठाकुर आश्रम पहुंचकर लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण और जयंती समारोह में सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। राज्यपाल 12:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे और इसके बाद प्रस्थान करेंगे।

भिखारी ठाकुर प्रसिद्ध लोक नाटककार, समाज सुधारक थे, जिन्हें भोजपुरी के शेक्सपियर कहा जाता है। उन्होंने अपने नाटक बिदेसिया, गबरघिचोर और बेटी बेचवा जैसे जनलोकप्रिय कृतियों के माध्यम से समाज की कुरीतियों, प्रवासी जीवन की पीड़ा और स्त्री के सामाजिक संघर्ष को मंच पर जीवंत किया। आज भी उनके गीत और नाट्यरचनाएँ भोजपुरी संस्कृति की आत्मा मानी जाती हैं।

जयंती समारोह में क्षेत्र के कई लोक कलाकार, साहित्यकार और सांस्कृतिक प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

इस अवसर पर भिखारी ठाकुर की स्मृतियों को सहेजने और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त