भास्कर महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अररिया 10 नवम्बर(हि.स.)।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में खेल भवन-सह-व्यायामशाला में भास्कर महोत्सव का भव्य आयोजन मंगलवार को किया गया। महोत्सव में जिले की समृद्ध कला, संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं अन्य अतिथियों के आगमन के साथ हुआ। इसके उपरांत राष्ट्र गीत एवं राष्ट्र गान का गायन किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने अपने संबोधन में कहा कि भास्कर महोत्सव जिले की समृद्ध कला, संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों, युवाओं एवं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा उनमें कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ता है।
महोत्सव के दौरान छठ महापर्व की महत्ता एवं लोक आस्था पर आधारित गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। छठ गीतों के माध्यम से भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना, लोक परंपरा और बिहार की सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। इन भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को छठमय बना दिया।
महोत्सव में जिले के विभिन्न सांस्कृतिक संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसमें कला केन्द्र, मणिभूषण भारद्वाज, मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल, अररिया, पूजन प्रिया, यूनिकॉर्न डांस एकेडमी, एम. ए. सानू, आम्रपाली प्रशिक्षण केन्द्र, शेखर कुमार, रैन्बो डांस एंड म्यूजिक एकेडमी, अररिया कॉलेज,मशहूर लोक गायक अमर आनंद एवं प्रिया राज की प्रस्तुतियां शामिल रहीं। कलाकारों ने गायन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बनाया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरण जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर