पटाखों के विस्फोट से दहला भलुआरा, आधी रात जैसा मचा हड़कंप; ग्रामीणों ने प्रशासन को घेरा
सीवान, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जामो बाजार थाने के आलमपुर में हुए भीषण विस्फोट के बाद बरामद पटाखों और विस्फोटक पदार्थों को नष्ट करने के दौरान शनिवार देर शाम बड़हरिया प्रखंड के भलुआरा तकिया गांव में तेज धमाके से दहशत फैल गयी।
विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। अचानक हुई तेज आवाज से घबराये ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आये। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन को घेरकर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि विस्फोट की तेज आवाज से बीमार लोगों को काफी परेशानी हुई। कुछ ग्रामीणों ने घरों के करकट उड़ने और खिड़कियों के जंगले टूटने का भी दावा किया। उनके अनुसार, लोग अपने घरों में सो रहे थे या आराम कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।
इसके बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकलने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि विस्फोट के बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गयी। घटना के बाद ग्रामीणों ने विस्फोटक पदार्थों को नष्ट करने के दौरान अपनायी गयी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाये। उनका कहना था कि इस तरह की संवेदनशील कार्रवाई में आसपास के लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
आलमपुर में हुए भीषण विस्फोट के बाद बरामद पटाखों और विस्फोटक पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई महत्वपूर्ण थी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि तेज धमाके के बाद उन्हें सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक होने की भी सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, विरोध के दौरान दमकल की गाड़ी में तोड़फोड़ की कोशिश किये जाने और गाड़ी को क्षति पहुंचने की सूचना भी सामने आयी है।
इस संबंध में भी आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है। ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचने के दावों और दमकल की गाड़ी में क्षति की सूचना के बीच घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। यह भी जांच का विषय है कि विस्फोटक पदार्थों को नष्ट करने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। आलमपुर की घटना के बाद ऐसी सामग्री का सुरक्षित निष्पादन जरूरी है, लेकिन इसके साथ आसपास की आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रशासन के लिए अहम चुनौती है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma