भैया दूज पर बहनों ने गोधन कूटकर मांगी भाइयों की लंबी उम्र

 


किशनगंज, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर सहित जिले के ग्रामीण इलाकों में बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान के साथ गोधन कूटने की परंपरा निभाई और अपने भाइयों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर घरों और मोहल्लों में पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई दी।

शहर के रूईधासा स्थित बाजपेई कॉलोनी में महिलाओं की विशेष भीड़ जुटी। यहां महिलाओं ने सामूहिक रूप से गोधन कूटने का अनुष्ठान किया तथा पुरोहित पंडित जयहिंद मिश्रा द्वारा सुनाई गई भैया दूज की पौराणिक कथा का श्रवण किया। पंडित जयहिंद मिश्रा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोधन कूटने की परंपरा भाइयों के जीवन से संकटों को दूर करने और उनकी मंगलकामना से जुड़ी हुई है। अनुष्ठान के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, उन्हें मिठाई खिलाई और उपहारों का आदान-प्रदान किया। पर्व के दौरान भाई-बहनों के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का विशेष माहौल देखने को मिला। शाम तक बाजारों में भी चहल-पहल बनी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह