भागलपुर पुलिस अलर्ट, ड्रोन से रखी जा रही है पैनी नज़र, सभी प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात

 


भागलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला अंतर्गत विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, जिले के सभी प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।

आधुनिक तकनीक से सतत निगरानी सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 के नेतृत्व में स्टेशन चौक सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन की मदद से हर गतिविधि पर पैनी नज़र रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

भागलपुर पुलिस ने आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर